एक तरफ जश्न, दूसरी तरफ इंसाफ: माल्या लंदन में, कर्मचारियों को मिला ₹312 करोड़
किंगफिशर एयरलाइंस के पूर्व कर्मचारियों को राहत, ईडी ने 312 करोड़ रुपये लौटाए। डीआरटी की मंजूरी के बाद कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित बकाये के भुगतान का रास्ता साफ।
नई दिल्ली. लंदन में विजय माल्या के प्री-बर्थडे सेलिब्रेशन की तस्वीरें सामने आने के एक दिन बाद प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने किंगफिशर एयरलाइंस के पूर्व कर्मचारियों को बड़ी राहत दी है। ईडी ने गुरुवार को घोषणा की कि उसने कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित बकाये के भुगतान के लिए 312 करोड़ रुपये की राशि लौटाई है।
यह रकम आधिकारिक परिसमापक (ऑफिशियल लिक्विडेटर) को सौंपी गई है, ताकि किंगफिशर एयरलाइंस के पूर्व कर्मचारियों को उनके बकाये का भुगतान किया जा सके।
डीआरटी की मंजूरी के बाद संभव हुआ भुगतान
ईडी की यह कार्रवाई चेन्नई स्थित ऋण वसूली न्यायाधिकरण (DRT) की मंजूरी के बाद संभव हो सकी। डीआरटी ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) को पहले लौटाए गए शेयरों की बिक्री से प्राप्त राशि को कर्मचारियों के बकाये के भुगतान के लिए जारी करने का निर्देश दिया था।
लोन फ्रॉड केस के बाद लंदन फरार हुआ था माल्या
गौरतलब है कि विजय माल्या के खिलाफ सीबीआई ने लोन फ्रॉड का मामला दर्ज किया था, जिसके बाद वह लंदन फरार हो गया। इसके बाद ईडी ने माल्या और किंगफिशर एयरलाइंस लिमिटेड के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज किया।
जनवरी 2019 में विजय माल्या को भगोड़ा आर्थिक अपराधी घोषित किया गया था।
- 5,000 करोड़ से ज्यादा की संपत्तियां हुई थीं जब्त
- ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत विजय माल्या, किंगफिशर एयरलाइंस और उनसे जुड़ी इकाइयों की
- 5,042 करोड़ रुपये की संपत्तियां जब्त की थीं
- इसके अलावा 1,695 करोड़ रुपये की अन्य संपत्तियां भी कुर्क की गई थीं
- बाद में विशेष PMLA अदालत ने डीआरटी के माध्यम से इन सभी कुर्क संपत्तियों को SBI के नेतृत्व वाले बैंकिंग कंसोर्टियम को लौटाने की अनुमति दी।
बैंकों को हुई 14,132 करोड़ रुपये की वसूली
इन संपत्तियों की बिक्री के बाद बैंकों को कुल 14,132 करोड़ रुपये की वसूली हुई। ईडी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सभी संबंधित पक्षों के साथ समन्वय कर यह सुनिश्चित किया गया कि कर्मचारियों के लंबे समय से लंबित बकाये का भुगतान हो सके।




