छत्तीसगढ़

रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर नकेल: CG में खाद्य विभाग का छापा, मिठाइयों के सैंपल जब्त, एनालॉग पनीर पर सख्त नजर

रक्षाबंधन से पहले छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने मिठाई दुकानों व बेकरियों पर जांच तेज की। एनालॉग पनीर पर विशेष निगरानी।

खैरागढ़। रक्षाबंधन पर्व को ध्यान में रखते हुए मिठाई और अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिले में कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान के तहत ठेलकाडीह क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों पर सघन जांच अभियान चलाया गया।

मिठाइयों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए

जांच अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ठेलकाडीह स्थित बालाजी स्वीट्स का औचक निरीक्षण किया। टीम ने यहां से खोवा, मोतीचूर लड्डू और मैसूर पाक के 3 विधिक नमूने (लीगल सैंपल्स) सील कर जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे हैं। विभाग पिछले दो दिनों के भीतर कुल 7 खाद्य सामग्रियों के नमूने जांच के लिए भेज चुका है।

बेकरी संचालकों को हिदायत, स्वच्छता पर जोर

निरीक्षण दल ने कान्हा बेकरी की भी जांच की। टीम ने संचालक को स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने, खाद्य लाइसेंस व पंजीयन डिस्प्ले करने और अपडेट रखने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही दुकानदारों को स्पष्ट हिदायत दी गई कि मिलावटी या अमानक सामग्रियों का भंडारण न करें।

प्रतिबंधित एनालॉग पनीर पर सख्त निगरानी

जिला अभिहित अधिकारी (खाद्य एवं औषधि प्रशासन) सिद्धार्थ पांडेय ने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित है। इसलिए विभाग इसके भंडारण और बिक्री पर विशेष नजर बनाए हुए है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे एनालॉग पनीर खरीदने या बेचने से बचें और केवल दूध से बने असली पनीर का ही उपयोग करें।

लाइसेंस सस्पेंड और दुकान सील करने की चेतावनी

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार यह विशेष अभियान एक सप्ताह तक लगातार जारी रहेगा। इस दौरान मिठाई कारखानों, डेयरी, बेकरी और किराना दुकानों की नियमित जांच की जाएगी। यदि किसी प्रतिष्ठान में अस्वच्छता पाई गई या मिलावटी सामग्री मिली, तो संबंधित दुकान का लाइसेंस निलंबित कर प्रतिष्ठान को तत्काल बंद (सील) करने की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button