CM मोहन यादव का छिंदवाड़ा से ‘जन विश्वास अभियान’: 7 अगस्त को आमने-सामने सुनेंगे जनता का दर्द!
मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव 7 अगस्त को छिंदवाड़ा से 'मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026' की शुरुआत करेंगे। जिला स्तरीय समाधान कार्यक्रम में वे शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर शिकायतों का ऑन-द-स्पॉट निराकरण करेंगे।

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश में सुशासन को बढ़ावा देने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए राज्य सरकार बड़ा कदम उठाने जा रही है। प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ का आगाज आगामी 7 अगस्त को छिंदवाड़ा जिले से होने जा रहा है। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव स्वयं जिला स्तरीय ‘समाधान कार्यक्रम’ में शामिल होकर सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों पर फरियादियों से आमने-सामने बातचीत करेंगे।
20 से 25 चयनित शिकायतों का मौके पर होगा समाधान
लोक सेवा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई द्वारा छिंदवाड़ा कलेक्टर को जारी निर्देशों के अनुसार, विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ी 20 से 25 प्रमुख शिकायतों का चयन किया जाएगा।
- समय-सीमा: इन चयनित मामलों का प्राथमिक परीक्षण और समाधान 5 अगस्त तक सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर दर्ज करना अनिवार्य होगा।
- अधिकारियों की मौजूदगी: कार्यक्रम में शिकायतकर्ताओं के साथ-साथ संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि मुख्यमंत्री के समक्ष मामलों की सही स्थिति तुरंत स्पष्ट हो सके।
- अन्य कार्यक्रम: छिंदवाड़ा प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. यादव जिला समीक्षा बैठक लेंगे और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से संवाद भी करेंगे।
कैबिनेट फैसले के बाद एक्शन मोड में ‘पूरी सरकार’
उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित कैबिनेट बैठक में ‘मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान-2026’ को शुरू करने का निर्णय लिया गया था। अभियान का मुख्य उद्देश्य: हर शुक्रवार को मुख्यमंत्री, मंत्री और प्रशासनिक तंत्र स्वयं जिलों का रुख करेंगे। यह अभियान प्रशासन को सीधे जनता के द्वार तक ले जाने और अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।




