छत्तीसगढ़

महासमुंद की रागनी साहू का इंटरनेशनल मून मिशन में चयन, छत्तीसगढ़ की इकलौती नेशनल फाइनलिस्ट

महासमुंद की छात्रा रागनी साहू का इंटरनेशनल मून मिशन शक्तिसैट के लिए राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। वह छत्तीसगढ़ की एकमात्र नेशनल फाइनलिस्ट बनी हैं।

महासमुंद. छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले की छात्रा रागनी साहू ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए इंटरनेशनल मून मिशन ‘शक्तिसैट’ के लिए नेशनल फाइनलिस्ट के रूप में अपनी जगह बनाई है। शासकीय आशीबाई गोलछा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की छात्रा रागनी इस प्रतिष्ठित मिशन में चयनित होने वाली महासमुंद ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ की एकमात्र छात्रा हैं। उनकी इस सफलता से जिले में उत्साह का माहौल है और इसे शिक्षा व विज्ञान के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

कड़ी चयन प्रक्रिया पार कर हासिल की सफलता

रागनी साहू ने वर्ष 2025 में अपने विद्यालय की अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से इस मिशन के लिए पंजीयन कराया था। चयन प्रक्रिया के दौरान उन्होंने लगभग 120 घंटे के ऑनलाइन प्रशिक्षण में भाग लिया और 21 विस्तृत मॉड्यूल के साथ 550 से अधिक स्पेस, सैटेलाइट, विज्ञान, नवाचार और इंजीनियरिंग आधारित पाठ सफलतापूर्वक पूरे किए। तकनीकी मूल्यांकन और राष्ट्रीय स्तर के साक्षात्कार में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद उनका चयन देश के 20 नेशनल फाइनलिस्ट में हुआ।

108 देशों के विद्यार्थियों की भागीदारी वाला मिशन

शक्तिसैट एक अंतरराष्ट्रीय चंद्र उपग्रह मिशन है, जिसमें भारत सहित 108 देशों के छात्र-छात्राएं हिस्सा ले रहे हैं। इस अभियान के तहत दो चंद्र उपग्रह विकसित किए जाएंगे। एक उपग्रह चंद्रमा की कक्षा में स्थापित होकर उसकी परिक्रमा करेगा, जबकि दूसरा रोवर चंद्रमा की सतह पर वैज्ञानिक प्रयोगों को अंजाम देगा। यह मिशन छात्रों को अंतरिक्ष विज्ञान और उपग्रह तकनीक का व्यावहारिक अनुभव देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

राष्ट्रीय कार्यशाला में मिलेगा वैज्ञानिकों का मार्गदर्शन

रागनी साहू 22 से 31 अगस्त 2026 तक उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा स्थित गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में आयोजित आठ दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला में भाग लेंगी। राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर शुरू होने वाली इस कार्यशाला में उन्हें इसरो के वैज्ञानिकों, भारतीय अंतरिक्ष यात्री ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला और विभिन्न देशों के अंतरिक्ष विशेषज्ञों से सीधे संवाद और प्रशिक्षण का अवसर मिलेगा। मिशन के तहत विकसित उपग्रहों का प्रस्तावित प्रक्षेपण 11 अक्टूबर 2026 को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से किया जाएगा।

जिले के लिए गर्व का पल

रागनी साहू की उपलब्धि पर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने उन्हें बधाई दी है। अधिकारियों ने इसे छात्रा की मेहनत, विद्यालय के गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और अटल टिंकरिंग लैब की सक्रिय भूमिका का परिणाम बताया। उनका चयन जिले के अन्य विद्यार्थियों को विज्ञान, नवाचार और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button