केरल: प्राइवेट पार्ट में ड्रग्स छिपाकर तस्करी कर रही थी महिला, त्रिशूर पुलिस ने 2 युवतियों समेत 7 को दबोचा
केरल के त्रिशूर में प्राइवेट पार्ट में ड्रग्स छिपाकर ले जा रही महिला समेत 7 तस्कर गिरफ्तार। पुलिस ने कार चेकिंग और वर्कशॉप पर छापे मारकर कुल 308 ग्राम MDMA किया जब्त।

त्रिशूर: केरल के त्रिशूर में पुलिस और एंटी-नारकोटिक स्पेशल एक्शन फोर्स ने नशा तस्करों के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने दो महिलाओं समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है, जो पलक्कड़ के एक रिजॉर्ट से स्विफ्ट कार में ड्रग्स की खेप लेकर आ रहे थे। चौंकाने वाली बात यह है कि चेकिंग के दौरान पकड़े जाने से बचने के लिए एक महिला ने सिंथेटिक ड्रग (एमडीएमए) को अपने प्राइवेट पार्ट में छिपा रखा था। पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को खंगालते हुए भारी मात्रा में नशीला पदार्थ जब्त किया है।
कार चेकिंग से शुरू हुआ ऑपरेशन, महिला के पास से मिला MDMA
यह पूरा मामला त्रिशूर के वणियमपारा इलाके का है, जहाँ ड्रग-विरोधी अभियान के तहत पुलिस टीम गाड़ियों की सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पलक्कड़ की तरफ से आ रही एक संदिग्ध स्विफ्ट कार को रोका गया। कार की तलाशी लेने पर एक महिला के प्राइवेट पार्ट से 2 ग्राम एमडीएमए (MDMA) बरामद हुआ। कार में सवार आरोपियों की पहचान शिफास (26), विद्या (28), जिष्णु (27) और श्रीलक्ष्मी (20) के रूप में हुई है, जो गुरुवायुर-पावरट्टी इलाके के निवासी हैं।
वर्कशॉप में छिपा रखा था ड्रग्स का बड़ा जखीरा
शुरुआती बरामदगी के बाद पुलिस ने जब आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की, तो परतें खुलती चली गईं। पुलिस ने मुख्य आरोपी शिफास के घर पर छापा मारकर 18 ग्राम अतिरिक्त एमडीएमए बरामद किया। इसके बाद कड़ियों को जोड़ते हुए जांच टीम चावक्कड के पंचारामुक्कू स्थित एक एल्युमीनियम वर्कशॉप में पहुंची। वर्कशॉप की तलाशी लेने पर पुलिस की आंखें फटी रह गईं; वहां एक कवर के भीतर तीन पैकेटों में छिपाकर रखा गया 288 ग्राम एमडीएमए और मिला।
308 ग्राम ड्रग्स जब्त, जांच में जुटे मोबाइल फोन के सुराग
इस ड्रग नेटवर्क से जुड़े तीन और आरोपियों—शब्बीर (34), अनशाद (31) और टी.टी. सुमेष (25) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल फोन डेटा और चैट्स खंगालने के बाद इस पूरे सिंडिकेट का भंडाफोड़ करने में मदद मिली। इस पूरे ऑपरेशन में कुल 308 ग्राम एमडीएमए जब्त किया गया है, जिसे हाल के महीनों में त्रिशूर जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ की गई सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक माना जा रहा है।




