उत्तर प्रदेशराज्य

अलीगंज अग्निकांड: घटनास्थल पर पहुंची SIT और फॉरेंसिक टीम, घायलों से पूछताछ के बाद रिपोर्ट तैयार

अलीगंज अग्निकांड की जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची SIT और FSL टीम। घायलों से पूछताछ जारी, 7 दिन में आएगी रिपोर्ट। अयोध्या मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट भी गृह विभाग को सौंपी गई।

लखनऊ. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देशों के बाद लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड की जांच तेज हो गई है। मंगलवार को दो सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) ने घटनास्थल का दौरा कर बारीकी से मुआयना किया। इसके बाद टीम ने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMY) पहुंचकर भर्ती घायलों से मुलाकात की और हादसे के संबंध में उनके बयान दर्ज किए। वहीं, उत्तर प्रदेश विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम ने भी मौके से कई महत्वपूर्ण वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं।

हर विभाग की जवाबदेही होगी तय, 7 दिन में सौंपनी है रिपोर्ट

SIT के सदस्य अपर मुख्य सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात और एडीजी (लखनऊ जोन) प्रवीण कुमार ने करीब एक घंटे से अधिक समय तक पूरी बिल्डिंग का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि मलबे, जले हुए उपकरण और तारों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। इस अग्निकांड से संबंधित विभिन्न विभागों और जिम्मेदार व्यक्तियों से पूछताछ की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार SIT को 7 दिन के भीतर अपनी अंतिम रिपोर्ट शासन को सौंपनी है। इस मामले में अब तक चार लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है और चार अधिकारियों को निलंबित किया जा चुका है।

अयोध्या कथित दान प्रकरण की प्रारंभिक रिपोर्ट गृह विभाग को सौंपी गई

इसी बीच एक और बड़े घटनाक्रम में, अयोध्या तीर्थ क्षेत्र में कथित दान प्रकरण की जांच कर रही SIT ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट गृह विभाग को सौंप दी है। SIT प्रमुख व लखनऊ मंडल के आयुक्त विजय विश्वास पंत ने मंगलवार को टीम के सदस्यों के साथ अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद से मुलाकात कर यह प्रतिवेदन सौंपा। गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अनुरोध पर योगी सरकार ने इस विशेष जांच दल का गठन किया था, जो मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button