छत्तीसगढ़

शर्मिंदगी का नाम खत्म! ‘गधहाभाटा’ अब बना ‘सोनपुर’, डिप्टी सीएम ने सौंपी राजपत्र की कॉपी

Chhattisgarh News: कबीरधाम जिले के 'गधहाभाटा' गांव का नाम आधिकारिक रूप से बदलकर 'सोनपुर' कर दिया गया है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ग्रामीणों को राजपत्र की कॉपी सौंपी और ₹7.50 लाख के विकास कार्यों की घोषणा की। जानिए पूरी खबर।

कवर्धा. छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले से एक अनोखी और राहत देने वाली खबर सामने आई है। जिले का एक ऐसा गांव, जिसके निवासी सालों से अपने ही गांव का नाम बताने में हिचकिचाते थे, अब गर्व से अपनी पहचान बता सकेंगे। सालों से उपहास और शर्मिंदगी का कारण बने गांव ‘गधहाभाटा’ का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर अब ‘सोनपुर’ कर दिया गया है। छत्तीसगढ़ शासन द्वारा इसका राजपत्र (Gazette) में प्रकाशन भी कर दिया गया है, जिससे ग्रामीणों की वर्षों पुरानी पीड़ा का अंत हो गया है।

डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने ग्रामीणों को सौंपी राजपत्र की कॉपी, दी बधाई

इस ऐतिहासिक और खुशी के मौके पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा खुद ग्राम सोनपुर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को आधिकारिक राजपत्र की प्रति सौंपी और गांव को नई पहचान मिलने की बधाई दी। इस दौरान ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक था।

उपमुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गांव के विकास को गति देने के लिए 7 लाख 50 हजार रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा: “सिर्फ गांव का नाम ही नहीं बदला है, बल्कि अब सोनपुर की तस्वीर भी बदलेगी। गांव में विकास कार्यों को पूरी तेजी के साथ आगे बढ़ाया जा रहा है।”

सामाजिक रिश्तों और शादियों में आती थी रुकावट, अब मिला सम्मान

गांव का नाम बदलने पर ग्रामीणों ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने अपनी पुरानी आपबीती साझा करते हुए बताया कि ‘गधहाभाटा’ नाम होने के कारण उन्हें बाहरी जगहों और रिश्तेदारों के बीच मजाक का पात्र बनना पड़ता था। इसका बुरा असर बच्चों के विवाह संबंधों और सामाजिक रिश्तों पर भी पड़ रहा था। लेकिन अब ‘सोनपुर’ नाम होने से पूरा गांव बेहद खुश है और अपनी नई पहचान को लेकर गर्व महसूस कर रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button