MP News: मां पीतांबरा के दर पर CM योगी और डिप्टी CM मौर्य ने टेका माथा, देश की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद
MP News: उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ और डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। दोनों दिग्गजों ने विश्व प्रसिद्ध पीतांबरा पीठ में विशेष पूजा-अर्चना की। पूरी रिपोर्ट पढ़ें।

MP News: दतिया. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे। यहाँ उन्होंने विश्व प्रसिद्ध श्री पीतांबरा पीठ में स्थापित माँ बगलामुखी के दर्शन किए और विशेष विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मुख्यमंत्री ने देश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
महाभारत कालीन वानखंडेश्वर महादेव का किया जलाभिषेक
मां बगलामुखी के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीतांबरा पीठ परिसर में ही स्थित महाभारत कालीन ‘वानखंडेश्वर महादेव’ मंदिर का रुख किया। यहाँ पीठ के मुख्य पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मुख्यमंत्री से भगवान शिव का जलाभिषेक संपन्न कराया।
एयरपोर्ट पर डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित दिग्गजों ने की अगवानी
इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष विमान के जरिए दतिया एयरपोर्ट पर उतरे। हवाई पट्टी पर उनकी अगवानी के लिए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा, सेंवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल, कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े और एसपी मयूर खंडेलवाल सहित कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री ने स्थानीय भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की, जिसके बाद उनका काफिला सीधे पीतांबरा पीठ के लिए रवाना हो गया।
कड़ी सुरक्षा के बीच ललितपुर के लिए हुए रवाना
VIP मूवमेंट को देखते हुए पीताम्बरा पीठ और उसके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े और व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा के मद्देनजर पीठ के आसपास की दुकानें भी कुछ समय के लिए बंद कराई गई थीं। धार्मिक अनुष्ठान पूरा करने के बाद मुख्यमंत्री ने परिसर में स्थित अन्य देवी-देवताओं के मंदिरों के भी दर्शन किए। इसके बाद वे दतिया से उत्तर प्रदेश के ललितपुर के लिए रवाना हो गए।
डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य भी पहुंचे दतिया, पर नहीं हो सकी मुलाकात
UP के मुख्यमंत्री के अलावा, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी शनिवार सुबह दतिया पहुंचे। उन्होंने सुबह-सुबह ही पीतांबरा पीठ पर दर्शन और पूजन का कार्य संपन्न किया। मंदिर से लौटने के बाद वे रतन महल होटल रुके और वहां से अपने अगले गंतव्य की ओर रवाना हो गए। हालांकि, समय के फेरबदल के कारण दोनों दिग्गज नेताओं की दतिया में आपस में मुलाकात नहीं हो सकी।




