धमधा के विकास को लगे पंख: उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की नगर पालिका बनाने की घोषणा
उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने धमधा नगर पंचायत को नगर पालिका के रूप में उन्नत करने की बड़ी घोषणा की है।

रायपुर/धमधा. छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के धमधा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक दिन रहा। स्थानीय निवासियों की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार करते हुए उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने धमधा नगर पंचायत को नगर पालिका के रूप में उन्नत करने की बड़ी घोषणा की है। इस फैसले से क्षेत्र में प्रशासनिक मजबूती आएगी और विकास कार्यों को एक नई दिशा मिलेगी। लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा होते ही पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल व्याप्त हो गया।
7 करोड़ के विकास कार्यों का उपहार
उप मुख्यमंत्री के धमधा प्रवास के दौरान क्षेत्र को करोड़ों की सौगातें मिलीं। उन्होंने लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इसमें 4 करोड़ 60 लाख रुपये के पूर्ण हो चुके कार्यों का लोकार्पण और 2 करोड़ 39 लाख रुपये के नए कार्यों का भूमिपूजन शामिल है। इसके अतिरिक्त, शहर के तात्कालिक विकास कार्यों के लिए 2 करोड़ रुपये की अलग से घोषणा की गई, जो जनसुविधाओं को बेहतर बनाने में सहायक होगी।
सुव्यवस्थित विकास और जनसुविधाओं में आएगी तेजी
नगर पालिका का दर्जा मिलने के बाद धमधा को बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं के लिए अधिक फंड और संसाधन प्राप्त होंगे। साव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश के सभी नगरीय निकायों के सर्वांगीण विकास के लिए सरकार पूरी गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में केवल धमधा के विकास के लिए 13 करोड़ रुपये की राशि आवंटित की जा चुकी है। अब नगर पालिका बनने से सफाई, सड़क, बिजली और जल आपूर्ति जैसी सुविधाओं का और अधिक विस्तार होगा।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में प्रदेश के स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, दुर्ग सांसद विजय बघेल, विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा, ईश्वर साहू और ललित चन्द्राकर विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष जितेन्द्र साहू, धमधा नगर पंचायत अध्यक्ष श्वेता अग्रवाल और अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इस ऐतिहासिक निर्णय का स्वागत किया। वक्ताओं ने कहा कि यह निर्णय धमधा के भविष्य को बदलने वाला साबित होगा।




