सड़क पर मौत का मंजर: बस और वन की भिड़ंत में 5 की दर्दनाक मौत
भिंड में नेशनल हाईवे-719 पर बस और वैन की भीषण टक्कर में 5 लोगों की मौत, 7 गंभीर घायल। अंधा मोड़ और तेज रफ्तार हादसे की वजह, सड़क सुरक्षा पर उठे सवाल।

भिंड. मध्य प्रदेश के भिंड जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। नेशनल हाईवे-719 पर छींमका गांव के पास रात करीब 2:30 बजे बस और वैन की आमने-सामने टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।
मौके पर चार की मौत, एक ने इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने बाद में दम तोड़ दिया। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया। सभी घायलों का इलाज जारी है।
मृतकों की पहचान, बाकी की शिनाख्त जारी
अब तक जिन मृतकों की पहचान हो सकी है:
- अतुल शिवहरे (निवासी फूप)
- जगदीश भदौरिया (निवासी स्योड़ा, अकोड़ा)
- अन्य मृतकों की पहचान के लिए पुलिस दस्तावेजों और वाहन नंबर के आधार पर जांच कर रही है।
ये लोग हुए गंभीर रूप से घायल
इस हादसे में केतु पुत्र संतोष, संतोष पुत्र कल्याण, प्रदीप पुत्र रामप्रकाश, मेंवाराम पुत्र बाबूराम, रामलखन पुत्र भागीरथ, मीरा पुत्र सुरेश, सुखबीर सिंह पुत्र श्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
अंधा मोड़ और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह!
गोहद चौराहा थाना प्रभारी मनीष धाकड़ के अनुसार हादसा जिस जगह हुआ वहां अंधा मोड़ है। आशंका है कि दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। प्रारंभिक जांच में बस चालक की लापरवाही भी सामने आई है।
ग्वालियर-भिंड रूट पर बढ़ते हादसों ने खड़े किए सवाल
भिंड एसपी असित यादव ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया और स्थिति को नियंत्रित किया गया। हालांकि इस हाईवे पर लगातार हो रहे हादसे यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। विरोध और मांगों के बावजूद सड़क सुरक्षा में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
सड़क सुरक्षा की फिर खुली पोल
यह हादसा एक बार फिर दिखाता है कि:
- तेज रफ्तार
- ओवरलोडिंग
- ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजामों की कमी
- अब भी बड़ी समस्या बने हुए हैं।
यातायात बहाल, जांच जारी
पुलिस ने दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया है। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए गोहद अस्पताल भेजा गया है और पूरे मामले की जांच जारी है।




