मध्य प्रदेश

कथा पंडाल में मातम: हार्ट अटैक से महिला श्रद्धालु की मौत

डबरा में नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान शिव महापुराण कथा सुनने पहुंची 65 वर्षीय महिला की कार्डियक अरेस्ट से मौत। कथा शुरू होने के 10 मिनट बाद बिगड़ी तबीयत।

डबरा. ग्वालियर जिले की डबरा तहसील में आयोजित नवग्रह पीठ प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दौरान उस समय शोक का माहौल बन गया, जब शिव महापुराण कथा सुनने पहुंची एक महिला की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। कार्यक्रम में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा चल रही थी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

65 वर्षीय महिला की हुई मौत

मृतका की पहचान पुष्पा देवी (65 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के इटावा की निवासी थीं। वह इन दिनों ग्वालियर के सराफा बाजार स्थित अपने जीजा के घर आई हुई थीं और शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे कथा पंडाल में पहुंची थीं।

10 मिनट में बिगड़ी तबीयत

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कथा शुरू होने के लगभग 10 मिनट बाद ही उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई और वे अचेत होकर गिर पड़ीं, जिससे पंडाल में अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है।

श्रद्धालुओं में शोक का माहौल

धार्मिक आयोजन के बीच हुई इस घटना से श्रद्धालु स्तब्ध रह गए। आयोजन समिति ने महिला के निधन पर शोक व्यक्त किया है। परिजन पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button