विदेश

अमेरिका में सनसनी: एपस्टीन के अनदेखे वीडियो सार्वजनिक, केस पर फिर बहस तेज

जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी 30 लाख फाइलें सार्वजनिक होने से वैश्विक हड़कंप। दस्तावेजों में डोनाल्ड ट्रंप समेत कई दिग्गजों के नाम, वीडियो और ई-मेल शामिल।

न्यूयॉर्क. नाबालिगों के यौन उत्पीड़न और सेक्स ट्रैफिकिंग के दोषी अमेरिकी यौन अपराधी जेफ्री एपस्टीन से जुड़ी फाइलों के सार्वजनिक होते ही दुनियाभर में सनसनी फैल गई है। इन दस्तावेजों में ऐसे प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी कल्पना पहले मुश्किल मानी जाती थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप समेत कई अंतरराष्ट्रीय नेताओं और चर्चित हस्तियों का उल्लेख इन फाइलों में किया गया है।

दस्तावेजों में भारत से जुड़े कुछ नामों के शामिल होने की भी चर्चा है। एपस्टीन की डायरी, पत्र, ई-मेल और अन्य रिकॉर्ड समेत करीब 30 लाख दस्तावेज सार्वजनिक किए गए हैं।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो, पुष्टि नहीं

इसी बीच जेफ्री एपस्टीन से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिनमें वह महिलाओं के साथ पार्टी और नाचते हुए दिखाई देता है। हालांकि, इन वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

शुक्रवार को अमेरिकी न्याय विभाग ने आधिकारिक तौर पर एपस्टीन से जुड़े लगभग 30 लाख दस्तावेज सार्वजनिक किए, जिनमें हजारों वीडियो और तस्वीरें शामिल हैं। गौरतलब है कि अगस्त 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में एपस्टीन की मौत हो गई थी। वह सेक्स ट्रैफिकिंग का दोषी पाया गया था।

कौन था जेफ्री एपस्टीन?

सार्वजनिक दस्तावेजों के मुताबिक, एपस्टीन से जुड़े रिकॉर्ड में हजारों वीडियो, लाखों तस्वीरें, एफबीआई की इंटरव्यू समरी और ई-मेल शामिल हैं। 1970 के दशक में जेफ्री एपस्टीन न्यूयॉर्क के डाल्टन स्कूल में शिक्षक था। इसी दौरान उसकी मुलाकात निवेश बैंक बीयर स्टियर्न्स के एक पार्टनर से हुई, जिसके बाद वह बैंकिंग जगत में पहुंचा। 1982 में उसने अपनी खुद की कंपनी शुरू की और बड़े-बड़े क्लाइंट्स की संपत्तियों का प्रबंधन करने लगा। इससे उसके सामाजिक और राजनीतिक संपर्क तेजी से बढ़ते चले गए।

आलीशान जिंदगी और हाई-प्रोफाइल पार्टियां

एपस्टीन ने फ्लोरिडा में एक भव्य मेंशन, न्यू मैक्सिको में रैंच और न्यूयॉर्क में आलीशान बंगला खरीदा। इसके बाद उसकी हाई-प्रोफाइल पार्टियों का दौर शुरू हुआ। बताया जाता है कि इन पार्टियों में डोनाल्ड ट्रंप सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल होती थीं, जिनका जिक्र अब सार्वजनिक दस्तावेजों में सामने आ रहा है।

आरोप, गिरफ्तारी और जेल में मौत

साल 2005 में 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के माता-पिता ने एपस्टीन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि पाम बीच स्थित उसके घर में बच्ची का यौन उत्पीड़न किया गया। इसके बाद हुई छापेमारी और जांच में कई पीड़ितों की आपबीती सामने आई, जिसने पूरे अमेरिका को झकझोर दिया।

6 जुलाई 2019 को एपस्टीन को न्यूयॉर्क के हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया गया। उस पर नाबालिगों के यौन उत्पीड़न और यौन तस्करी के गंभीर आरोप थे। 10 अगस्त 2019 को वह न्यूयॉर्क की जेल में अपनी कोठरी में मृत पाया गया। उसकी मौत को लेकर आज भी कई सवाल उठते रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button