देश

बजट की खूबियां जनता तक: BJP शुरू करेगी 10-दिवसीय महाभियान

यूपी में केंद्रीय बजट 2026 का 2017 स्थानों पर लाइव प्रसारण। भाजपा का 10 फरवरी तक बजट जागरूकता अभियान, व्यापारी, किसान, महिला और युवाओं पर फोकस।

नई दिल्ली. जब केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण रविवार को केंद्रीय बजट पेश कर रही हैं, उसी दौरान उत्तर प्रदेश में इसे बड़े पैमाने पर जनता तक पहुंचाने की तैयारी की गई है। प्रदेशभर के 2017 स्थानों पर बजट का सीधा प्रसारण एलईडी स्क्रीन के माध्यम से किया जा रहा है। इसके तहत भाजपा के उत्तर प्रदेश मुख्यालय से लेकर पार्टी के 98 संगठनात्मक जिलों और 1918 मंडलों में एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।

बजट को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति

भाजपा ने आम बजट को जनता के बीच खास तरीके से प्रस्तुत करने की रणनीति तैयार की है। इस अभियान के तहत योगी आदित्यनाथ, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत प्रदेश सरकार के सभी मंत्री और पार्टी पदाधिकारी बजट की प्रमुख उपलब्धियों और प्रावधानों को जनता के सामने रखेंगे। यह मुहिम 10 फरवरी तक चलेगी।

10 दिनों तक चलेगा बजट जागरूकता अभियान

अगले 10 दिनों तक भाजपा का संगठन और सरकार मिलकर केंद्रीय बजट की खासियतें अलग-अलग वर्गों और समूहों के बीच बताएंगे। इस अभियान में केंद्र और प्रदेश सरकार के मंत्री, भाजपा संगठन और पार्टी के सभी छह मोर्चे सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

प्रदेश भाजपा मुख्यालय में विशेष आयोजन

रविवार को केंद्रीय बजट का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए प्रदेश भाजपा मुख्यालय में विशेष रूप से एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला, बजट जागरूकता अभियान टोली के संयोजक सुभाष यदुवंश, डॉ. समीर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
इसी तरह जिला और मंडल स्तर पर भी एलईडी स्क्रीन के जरिए बजट का प्रसारण किया जा रहा है।

व्यापारी, किसान, महिला और युवाओं पर खास फोकस

भाजपा सोमवार से बजट की खूबियों को जनता तक पहुंचाने की औपचारिक मुहिम शुरू करेगी। इसमें विशेष रूप से व्यापारियों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों पर फोकस रहेगा। प्रदेश स्तर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक तथा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी प्रेस वार्ताओं के माध्यम से हर वर्ग के लिए बजट में की गई व्यवस्थाओं की जानकारी देंगे।

प्रदेशभर में सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम

यह सिलसिला प्रदेशभर में तीन दिन तक चलेगा। इस दौरान प्रदेश के 13 मीडिया सेंटरों पर बजट से मिलने वाले लाभों को विस्तार से बताया जाएगा। इसके अलावा भाजपा के छह संगठनात्मक क्षेत्रों में पार्टी के सभी मोर्चे अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित करेंगे। प्रत्येक मोर्चे को अपने-अपने वर्ग से जुड़े छह-छह संवाद कार्यक्रम करने हैं। व्यापारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स, किसानों, महिलाओं, युवाओं और श्रमिकों के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। यह पूरा अभियान 10 फरवरी तक चलेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button