मध्य प्रदेश

रतलाम में ठंड की वापसी के संकेत: हवाओं से गिरा तापमान, बारिश के बाद बढ़ेगी सर्दी

भोपाल में ठंड कमजोर, वसंत की आहट। न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री उछला, हवाओं की दिशा बदली। 26 जनवरी के बाद मध्यप्रदेश में हल्की बारिश के आसार।

भोपाल. भोपाल में वसंत ऋतु ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। ठंड के तेवर नरम पड़ते दिख रहे हैं और रातें अपेक्षाकृत गर्म हो रही हैं। शुक्रवार को राजधानी का न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो गुरुवार के 11.2 डिग्री के मुकाबले 6.2 डिग्री अधिक है। वहीं अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री तक पहुंच गया, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस हुई।

हवाओं की दिशा बदली, ठंडक घटी

शुक्रवार सुबह से ही शहर में पतझड़ी मौसम का अहसास रहा। आसमान साफ रहा और दिनभर हवाएं चलती रहीं, हालांकि इनमें पहले जैसी ठंडक नहीं थी। प्रदेश में हवाओं की रफ्तार करीब 14 किमी/घंटा दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक वहीद खान के अनुसार, हवाओं की दिशा उत्तर से बदलकर दक्षिण-पश्चिम हो गई है। इसी बदलाव के चलते रात के तापमान में अचानक उछाल आया है।

उत्तर पाकिस्तान के सिस्टम का असर

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक उत्तर पाकिस्तान के ऊपर सक्रिय निम्न दाब क्षेत्र और उससे जुड़ी ट्रफ के कारण प्रदेश के मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। इसका असर शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में बादलों के रूप में दिखा। कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। भोपाल में दोपहर बाद बादल छाने से दिन के तापमान में 2–3 डिग्री तक गिरावट आई।

26 जनवरी के बाद फिर बदलेगा मिज़ाज, बारिश के आसार

सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन के अनुसार 26 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत पर एक और स्ट्रॉन्ग वेस्टर्न डिस्टरबेंस असर डाल सकता है। इसके प्रभाव से मध्यप्रदेश के कई जिलों—ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच और मंदसौर—में हल्की बारिश की संभावना है।

दो दिन तेज ठंड नहीं, कोहरा रहेगा

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तक तेज ठंड के हालात नहीं बनेंगे, हालांकि सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। शुक्रवार को सतना, नौगांव, दतिया, गुना, ग्वालियर, नर्मदापुरम, इंदौर, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, श्योपुर, छिंदवाड़ा, दमोह, खजुराहो और मलाजखंड सहित कई शहरों में कोहरा दर्ज किया गया।

भोपाल-इंदौर में पारा 17 पार, कल्याणपुर सबसे ठंडा

  • गुरुवार–शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। जनवरी में पहली बार भोपाल (17.4°C) और इंदौर (17.3°C) में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री के पार पहुंचा।
  • अन्य शहरों में—ग्वालियर 13.5°C, उज्जैन 15°C, जबलपुर 14.8°C दर्ज हुआ।
  • प्रदेश में सबसे ठंडा शहडोल का कल्याणपुर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.3°C रिकॉर्ड किया गया। शिवपुरी 8°C, चित्रकूट 8.4°C, करौंदी (कटनी) 8.6°C, रीवा 8.4°C, खजुराहो 9.4°C, मंडला 9.7°C दर्ज हुआ।

क्या होता है वेस्टर्न डिस्टरबेंस

वेस्टर्न डिस्टरबेंस पश्चिम से आने वाली हवाओं और बादलों का एक सिस्टम होता है। इसके सक्रिय होने पर पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश होती है। सिस्टम के गुजरने के बाद उत्तर से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण दिन-रात ठंड का असर बढ़ जाता है।

27–28 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी से सक्रिय होने वाले अगले वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से 27 और 28 जनवरी को राजधानी सहित प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की बारिश हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button